BSTC कर रही युवती की घर में घुसकर हत्या:मां बोलीं- युवक शादी का दबाव बना रहा था, कहा- मेरी नहीं होगी तो किसी की नहीं होने दूंगा
करौली / टोडाभीम
करौली में BSTC की पढ़ाई कर रही युवती की हत्या का मामला सामने आया है। घटना के समय युवती घर पर अकेली थी। मां खेत से लौटकर आई तो हॉल में उसका शव मिला। उसके सिर से खून निकल रहा था। युवती की मां ने हत्या की आशंका जताई है।
युवती की मां ने आरोप लगाया कि एक युवक मेरी बेटी का लगातार पीछा करता था और शादी का दबाव बना रहा था। 20-25 दिन पहले उसने बेटी को मैसेज कर धमकी दी थी कि तू मेरी नहीं होगी तो मैं किसी की नहीं होने दूंगा। युवती की चचेरी बहन ने उसे घर आते हुए देखा था। मामला टोडाभीम के पाड़ला गांव का है।
घर पर अकेली थी युवती, मां खेत से लौटी तो मृत मिली
डीएसपी मुरारी लाल मीणा ने बताया- शुक्रवार सुबह अंतिमा मीना (20) निवासी पाड़ला, टोडाभीम की हत्या की सूचना मिली थी। एएसपी सत्येंद्र पाल सिंह, एसएचओ कैलाश मीणा और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया।
मौके से सबूत जुटाने के लिए FSL टीम को भी बुलाया गया। इसके बाद शव को टोडाभीम अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। जानकारी के अनुसार घटना के समय युवती घर पर अकेली थी और खाना बना रही थी। युवती की मां खेत में घास लेने गई थी।
कुछ देर बाद मां लौटी तो बेटी अंतिमा हॉल में पड़ी थी और उसके सिर से खून निकल रहा था। बगल में चूल्हे पर रोटी पड़ी थी और पत्थर का चकला टूटा हुआ था। एक बड़े पत्थर पर खून लगा था। युवती के पास एक डेटा केबल पड़ी थी। बेटी को इस हालत में देखकर मां चिल्लाई तो आसपास के लोग आए।
मां ने युवक पर लगाया हत्या का
आरोप
युवती की मां मेवा देवी मीणा ने खेमचंद निवासी कोठीन (दौसा) पर हत्या का आरोप लगाया है। मां ने कहा- खेमचंद मेरी बेटी का लगातार पीछा करता था और शादी का दबाव बना रहा था। मैंने उसे कहा था कि अगर उसके घरवाले मान जाते हैं तो तुम्हारी शादी करवा दूंगी। खेमचंद के पिता इसके लिए राजी नहीं थे।
मां ने आरोप लगाया- खेमचंद ने अंतिमा को भागने के लिए कहा था, लेकिन मेरी बेटी ने इनकार कर दिया था। मेरी बेटी ने कहा था कि तुम अपने घरवालों को मना लो। मैंने मेरी मां को तो मना लिया है। 20-25 दिन पहले शाम को खेमचंद ने अंतिमा को मैसेज कर कहा था कि तू मेरी नहीं होगी तो मैं किसी की नहीं होने दूंगा।
मां ने कहा- अंतिमा की चचेरी बहन (8) ने युवक को घर में आते हुए देखा था। वह चैक शर्ट पहने हुए था। फिलहाल वह जयपुर में एक पार्किंग पर काम करता है। पुलिस ने मां की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया है और युवक को पकड़ने के लिए टीम गठित कर दी है।
10 साल पहले हो गई थी पिता की मौत
जानकारी के अनुसार, अंतिमा मीना के पिता की 10 साल पहले मौत हो चुकी है। घर पर मां मेवा बाई और अंतिमा रहती थी। युवती का भाई और भाभी दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। अंतिमा की बड़ी बहन की शादी हो चुकी है।







