सरकारी-हॉस्टल के कमरे में 9वीं की छात्रा ने किया सुसाइड:स्कूल से लंच करने आई थी, 2 चुन्नी बांधकर फंदा बनाया; क्लासमेट ने पंखे से लटके देखा था
बाड़मेर
स्कूल से लंच करने हॉस्टल गई 9वीं क्लास की छात्रा ने चुन्नी का फंदा बनाकर सुसाइड कर लिया। वह काफी देर तक स्कूल नहीं लौटी तो उसकी क्लासमेट उसे बुलाने रूम में गई। घुसते ही उसे पंखे से लटका देखा तो बालिका के होश उड़ गए। उसने हॉस्टल और स्कूल प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद वार्डन और स्कूल स्टाफ उसे अस्पताल लेकर पहुंचा जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में सामने आया कि एक चुन्नी छोटी पड़ने पर मासूम ने दो चुन्नियां बांधकर फंदा बनाया था।
परिजनों ने 3 दिन पहले ही बच्ची का एडमिशन स्कूल में करवाया था। यही स्कूल के पास स्थित हॉस्टल में वह रहती थी। मामला बाड़मेर के चौहटन थाना इलाके का बुधवार सुबह 10:30 बजे का है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया- सुबह सूचना मिली थी कि एक 14 साल की छात्रा ने सरकारी हॉस्टल के कमरे में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया है। अस्पताल पहुंचे और शव को मॉर्च्युरी में रखवाया है। साथ ही परिजनों के साथ हॉस्टल जाकर मौका देखा है। फिलहाल सुसाइड के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। जांच जारी है।
4 पॉइंट में समझिए सुसाइड की पूरी कहानी
- स्कूल से 50 मीटर दूर है हॉस्टल: पुलिस के अनुसार, बच्ची की स्कूल और हॉस्टल की दूरी 50 मीटर है। वह सुबह स्कूल के बाद लंच करने हॉस्टल आई थी। अन्य बच्चियां भी साथ थीं। लंच खत्म होने के बाद सभी बच्चियां स्कूल पहुंच गई, लेकिन छात्रा स्कूली नहीं पहुंची।
- टीचर ने बुलाकर लाने को कहा: इसके बाद टीचर ने उसकी एक क्लासमेट को बुलाकर लाने को कहा। क्लासमेट ने रूम में जाकर देखा तो वह फांसी के फंदे से लटकी हुई मिली। तब भागकर टीचर और वार्डन को बताया। आनन-फानन में वार्डन और स्टाफ बच्ची को चौहटन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। वहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
- दो चुन्नियों को बांध कर बनाया फंदा: दोपहर करीब 3 बजे परिजन हॉस्पिटल मॉर्च्युरी पहुंचे। परिजनों ने पुलिस के साथ हॉस्टल जाकर कमरे में हालात देखे। मासूम ने एक चुन्नी छोटी होने के कारण दो चुन्नी को बांधकर फंदा बनाया था।
- 3 दिन पहले हुआ था एडमिशन: जानकारी के अनुसार, बच्ची का 3 दिन पहले ही स्कूल की 9वीं क्लास में एडमिशन हुआ था। वह पास ही में एक हॉस्टल में रह रही थी।







