बच्चे का खून और कलेजा ले आओ। मैं तंत्र विद्या से सब ठीक कर दूंगा। तुम्हारी पत्नी तुम्हारे वश में रहेगी। तुम्हारा कहा मानेगी।
तांत्रिक सुनील (40) की बात मानकर मनोज कुमार प्रजापत (26) ने अपने 6 साल के भतीजे लोकेश की हत्या कर दी। मनोज प्रजापत को लगा कि तांत्रिक को खून और कलेजा दे देगा तो उसकी पत्नी उसके वश में हो जाएगी। शराब पीने से लेकर अन्य नशा करने पर उसे वह टोकेगी नहीं। न ही घर में लड़ाई होगी।
इंसानियत को झकझोर देने वाला यह मामला खैरथल-तिजारा जिले के मुंडावर थाना क्षेत्र के सरायकलां गांव का है। 19 जुलाई को सरायकलां में मासूम लोकेश का शव मिलने के बाद कोहराम मच गया था।
इस पूरे मामले को समझने के लिए दैनिक भास्कर की टीम ग्राउंड पर पहुंची और मासूम के घरवालों से बात की।






