KAL KA SAMRAT NEWS INDIA

हर नजरिए की खबर, हर खबर पर नजर

Home » केकड़ी जिले का स्थापना समारोह आयोजितसरकार ने निभाया अपना वादा- श्री भायागरीब को मिलेगा न्याय -डॉ. शर्मा

केकड़ी जिले का स्थापना समारोह आयोजितसरकार ने निभाया अपना वादा- श्री भायागरीब को मिलेगा न्याय -डॉ. शर्मा

Spread the love

केकड़ी जिले का स्थापना समारोह आयोजित
सरकार ने निभाया अपना वादा- श्री भाया
गरीब को मिलेगा न्याय -डॉ. शर्मा
अजमेर, 7 अगस्त। केकड़ी जिले का स्थापना कार्यक्रम केकड़ी के पटेल मैदान में समारोह पूर्वक आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने वीसी के माध्यम से संबोधित किया।
मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने कहा कि आज जन भावना के सम्मान का दिन है। इससे सरकार के प्रशासनिक कार्य सुविधाजनक होंगे। नए 3 संभाग और 19 जिले बनना एक शुरुआत मात्र है। राजस्थान की पहचान रेगिस्तान से हटकर जन कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने वाले राज्य के रूप में होने लगी है। यह राजस्थान का दमखम है कि कई क्षेत्रों में अग्रणी है। राजस्थान 2030 में सबसे अग्रणी राज्य होने की मंशा के साथ आगे बढ़ रहा है।
खनिज, पेट्रोलियम एवं गोपालन विभाग मंत्री श्री प्रमोद जैन भाया ने कहा कि सरकार द्वारा आमजन से किया गया प्रत्येक वादा निभाया गया है। सरकार ने नए 19 जिले तथा 3 संभाग बनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। बजट घोषणा को मूर्त रूप देकर जनकल्याणकारी सरकार सरकार होने का प्रमाण दिया है। बारां को जिला बनाने के लिए 20 वर्षों तक संघर्ष करना पड़ा। इसी प्रकार डॉ. रघु शर्मा ने भी केकड़ी को जिला बनाने के लिए लंबा संघर्ष किया। उस संघर्ष का परिणाम आज सभी के सामने है। समस्त विभागों से सीधा जुड़ने के कारण आमजन के कार्य त्वरित गति से होंगे।
उन्होंने कहा कि केकड़ी जिले का अलग से बजट होने के कारण विकास को गति मिलेगी। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण आमजन का जीवन सुविधा पूर्ण बना है। बिजली के लिए फ्री यूनिट, बढ़ी हुई पेंशन तथा निःशुल्क उपचार जैसे कार्यो ने गरीब व्यक्ति का जीवन आसान बनाया है। केकड़ी का विकास अनवरत जारी रहने के लिए सभी को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान भी किया।
पूर्व मंत्री तथा केकड़ी विधायक डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि राज्य में नए जिलों के गठन के लिए तीन बार कमेटियों का निर्माण हुआ था। केकड़ी को जिला बनाने के लिए तीनों बार ही अपनी दावेदारी प्रस्तुत की गई। वर्तमान सरकार ने इसे गंभीरता से लिया। उसके परिणाम स्वरूप आज का दिन ऐतिहासिक बनने जा रहा है। यह सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। जिला स्तर के 55 से अधिक कार्यालय शीघ्र ही यहां से संचालित होने लगेंगे। इससे गरीब को आसानी से घर के पास ही न्याय मिलने की सुविधा होगी। विभिन्न कार्यालयों तथा सिविल लाइन के लिए आवश्यक भूमि के आवंटन की कार्यवाही अंतिम चरण में है। समस्त कार्यों के धरातल पर उतारने में थोड़ा समय लगेगा।
उन्होंने कहा कि केकड़ी का विकास तीव्र गति से हुआ है। केकड़ी के अजमेरी गेट स्थित पुराने अस्पताल से शुरू हुआ सफर आज जिला चिकित्सालय के रूप में मंजिल तक पहुंचा है। यह सफर यहीं तक नहीं रुकने वाला है। यहां मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। वर्तमान में प्रत्येक 3 किलोमीटर पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। शिक्षा में भी कृषि महाविद्यालय, होम्योपैथिक महाविद्यालय जैसे कार्य किए गए।
उन्होंने कहा कि नए राजस्व ग्राम, नई ग्राम पंचायतें, नई पंचायत समितियां, नए उपखंड बनने के साथ ही विभिन्न विकास कार्य भी करवाए गए। नगरीय तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बराबर विकास कार्य कराने का लक्ष्य रखा गया। यह कार्य आगे भी जारी रहेंगे। सरकार ने लगातार विकास कार्य किए हैं। गरीब व्यक्ति को केंद्र में रखकर योजनाएं बनाई गई। इससे आमजन का जीवन स्तर सुधरा है।
पूर्व संसदीय सचिव श्री ब्रह्मदेव कुमावत ने कहा कि स्थानीय विधायक डॉ. रघु शर्मा ने क्षेत्र की समस्याओं का चिह्निकरण ग्राम पंचायत स्तर तक किया। इससे समस्याओं का निराकरण करने में आसानी रही। भिनाय को केकड़ी जिले के साथ जोड़ने से क्षेत्र का सर्वांगीण विकास होगा। टोडारायसिंह के नगर पालिका अध्यक्ष श्री सत्यनारायण सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि टोडारायसिंह को केकड़ी जिले का भाग बनने पर विकास को नई दिशा मिलेगी। आर्थिक गतिविधियां एवं शिक्षा के क्षेत्र में वृद्धि होगी।
श्री सागर शर्मा ने कहा कि केकड़ी जिले का स्थापना कार्यक्रम अपने आप में अभूतपूर्व रहेगा। इस शुभ दिन के साक्षी बनने पर समस्त केकड़ी वासियों को बधाई दी गई। केकड़ी के विकास का 2008 से देखा गया सपना आज पूरा हुआ है। इसके लिए केकड़ी वासियों ने लंबा संघर्ष किया है। आज का दिन प्रत्येक क्षेत्रवासी के लिए गर्व का दिन है। केकड़ी का कस्बे से जिला बनना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि विधायक डॉ. रघु शर्मा के द्वारा दूरदर्शी सोच के साथ कार्य किया गया। क्षेत्र का विकास घर का कार्य समझकर किया। केकड़ी अजमेर जिले में सबसे दूरस्थ क्षेत्रों में से एक था। इस दूरी के कारण सामान्य व्यक्ति के कई कार्य देरी से होते थे। इस पीड़ा को समझ कर विधायक स्तर से कार्य आरंभ किए गए। सरकार ने केकड़ी को जिला बनाने का निर्णय लिया। आमजन को कार्य के लिए आवश्यक अधिकारी एवं कार्यालय घर के पास ही उपलब्ध हो पाएंगे। केकड़ी के जिला बनने से विकास कार्यो में तेजी आएगी।
केकड़ी जिला गठन की अधिसूचना का पठन विशेषाधिकारी एवं जिला कलक्टर श्री खजान सिंह ने किया। समारोह में धन्यवाद ज्ञापन उपखंड अधिकारी श्री विकास पंचोली ने किया। समारोह का शुभारंभ हवन एवं पूजन के साथ हुआ। पूजा पंडित श्री परमेश्वर मिश्र ने कराई। कार्यक्रम में श्री शंभू दास जी महाराज, श्री वैष्णव दास जी महाराज तथा महन्त श्री कैलाश दास जी महाराज का आशीर्वाद मिला। साइमन मॉरिस पादरी ने भी संबोधन दिया।
इस अवसर पर उप जिला प्रमुख श्री हगामी लाल चौधरी, प्रधान श्री होनहार सिंह, श्रीमती आशा, श्रीमती घीसी देवी, श्री संपत राज जैन, श्रीमती सीता देवी गुर्जर, सभापति श्री कमलेश कुमार साहू, श्रीमती छगन कंवर, श्री विश्वजीत सिंह, श्री श्याम लाल बैरवा, श्री समरवीर सिंह शक्तावत, श्री गिरधारी लाल गुर्जर, श्री राम प्रसाद साहू, हाजी अब्दुल रशीद, श्री हेमंत जैन, श्री कन्हैया लाल माली, श्री शक्ति प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री राजकुमार गुप्ता, उपखंड अधिकारी श्री छत्रपाल चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नितेश आर्य सहित गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Skip to content