September 19, 2024

Kal Ka Samrat News India

हर खबर पर नज़र

गठबंधन:नई सरकार को लेकर नड्डा के घर BJP नेताओं की बैठक,, सौदे बाजियों का होगा निपटारा ,


NDA गठबंधन:नई सरकार को लेकर नड्डा के घर BJP नेताओं की बैठक, शाह-राजनाथ पहुंचे; EC आज राष्ट्रपति कोसौंपेगा सांसदों की लिस्ट

नई दिल्ली
अमित शाह भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर पहुंच गए हैं। राजनाथ सिंह पहले से आवास पर मौजूद हैं।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के घर पर गुरुवार (6 जून) को अहम बैठक हो रही है। इसमें अमित शाह और राजनाथ सिंह समेत भाजपा के बड़े नेता पहुंचे हैं। बैठक में नई सरकार बनाने और शपथ ग्रहण की तैयारियों पर चर्चा हो रही है।

दूसरी तरफ, चुनाव आयोग आज शाम 4:30 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलेगा। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार राष्ट्रपति को नए सांसदों के नाम की सूची सौंपेंगे। वे आधिकारिक तौर पर राष्ट्रपति को बताएंगे कि सबसे बड़ी पार्टी या गठबंधन कौन है, जिसके पास बहुमत है और कौन सरकार बनाने का दावा कर रहा है।

इसके बाद राष्ट्रपति उस पार्टी या गठबंधन के नेता को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करेंगी। बुधवार (5 जून) को नरेंद्र मोदी को सर्वसम्मति से गठबंधन का नेता चुना गया था। सूत्रों ने बताया कि 7 जून को उन्हें भाजपा संसदीय दल-NDA संसदीय दल का नेता चुना जाएगा। इसके बाद वे सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। शपथ ग्रहण 8 जून को हो सकता है।

बुधवार (5 जून) को PM आवास पर NDA की बैठक हुई थी। इसमें TDP चीफ चंद्रबाबू नायडू, बिहार के CM नीतीश कुमार, महाराष्ट्र के CM एकनाथ शिंदे सहित 14 दलों के 21 नेता थे। चर्चा है कि JDU की निगाह रेलवे-कृषि मंत्रालय के साथ बिहार के लिए विशेष पैकेज पर है।

TDP ने 5 मंत्रालयों और लोकसभा स्पीकर पद की मांग रखी है। पार्टी ने ग्रामीण विकास, आवास और शहरी मामले, बंदरगाह और शिपिंग, सड़क परिवहन और राजमार्ग एवं जल शक्ति मंत्रालय मांगा है। TDP वित्त मंत्रालय का अतरिक्त प्रभार भी मांग रही है। आंध्र प्रदेश में फ्री की योजनाओं के चलते आर्थिक स्थिति बहुत खराब है। इसलिए नायडू चाहते हैं कि वित्त मंत्रालय का अतरिक्त प्रभार उन्हें मिले।

भाजपा को बहुमत नहीं, 14 सहयोगी दलों के 53 सांसदों का समर्थन

लोकसभा चुनाव में भाजपा को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। पार्टी को 240 सीटें मिली हैं। यह बहुमत के आंकड़े (272) से 32 सीटें कम हैं। ऐसे में वह 14 सहयोगी दलों के 53 सांसदों के साथ मिलकर गठबंधन सरकार चलाएगी।

इसमें चंद्रबाबू की TDP 16 सीटों के साथ दूसरी और नीतीश की JDU 12 सीटों के साथ तीसरी सबसे बड़ी पार्टी है। दोनों पार्टियों ने सीटों में बड़ी भागीदार होने के नाते कैबिनेट में बड़ी हिस्सेदारी मांगी है।

केंद्र सरकार के 10 सबसे ताकतवर और समृद्ध मंत्रालय- गृह, रक्षा, वित्त, विदेश, रेलवे, सूचना प्रसारण, शिक्षा, कृषि, सड़क परिवहन और सिविल एविएशन हैं। अकेले बहुमत ​होने से 2019 और 2014 में भाजपा ने सभी बड़े विभाग अपने पास रखे थे।

लाइव अपडेट्स
24 मिनट पहले

सम्राट चौधरी बोले- बिहार में नीतीश हमारे नेता, उनके नेतृत्व में लड़ेंगे 2025 का चुनाव

बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा है कि हम 2025 का चुनाव नीतीश के नेतृत्व में लड़ेंगे। वो बिहार में हमारे नेता हैं। सम्राट चौधरी ने I.N.D.I.A गठबंधन की मीटिंग को फालतू बताया।

पत्रकारों में सम्राट चौधरी से सवाल किया था कि क्या भाजपा 2025 में नीतीश के नेतृत्व में विधानसभा का चुनाव लड़ेगी? इस पर सम्राट ने कहा कि इसमें दिक्कत क्या है। हम बिहार में 1996 से नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें…

47 मिनट पहले

मंत्रिमंडल में महाराष्ट्र के 5-6 चेहरों को मिल सकती है जगह
मोदी सरकार के नए कैबिनेट में महाराष्ट्र के 5-6 चेहरों को शामिल करने की चर्चा है। सूत्रों के मुताबिक, सभी पार्टियों के लिए 5 सांसद पर एक कैबिनेट मंत्री पद का फॉर्मूला तय हुआ है। नितिन गडकरी, नारायण राणे और पीयूष गोयल का नाम मंत्री पद के रेस में आगे है।

शिवसेना (शिंदे गुट) एक कैबिनेट मंत्री और एक राज्यमंत्री का पद मांग रही है। NCP (अजित गुट) भी एक कैबिनेट पद की डिमांड रख सकती है। NDA सरकार के प्रति मराठाओं की नाराजगी कम करने के लिए एक मंत्री मराठा समुदाय से बनाया जा सकता है।

महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में भाजपा ने 9 सीटों पर जीत दर्ज की है। इस हिसाब से भाजपा के दो सांसदों को मंत्री बनाया जा सकता है। वहीं, सहयोगी पार्टी शिवसेना (शिंदे) को 7 सीटें और NCP (अजित) को 1 सीट मिली है। इन्हें 1-1 मंत्री पद मिलने की संभावना है।

12:26 PM
6 जून 2024

दिल्ली से दैनिक भास्कर के रिपोर्टर उत्कर्ष से जानिए… नड्डा के घर मीटिंग के मायने
दिल्ली में नड्डा के घर के बाहर मौजूद दैनिक भास्कर के रिपोर्टर उत्कर्ष ने बताया कि बैठक में भाजपा के प्रदर्शन को लेकर समीक्षा की जा रही है। साथ ही 7 जून को होने वाली संसदीय दल की बैठक और 8 जून को शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों पर भी चर्चा हो रही है।

सूत्रों के मुताबिक, भाजपा के बड़े नेता NDA के सहयोगी दलों के साथ मंत्रिमंडल में बंटवारे को लेकर वन टू वन मीटिंग करेंगे। नए मंत्रिमंडल में भाजपा की तरफ से कौन-कौन से चैहरे शामिल होंगे, इस पर भी चर्चा की जा रही है।

12:05 PM
6 जून 2024

शाह ने फडणवीस को फोन किया, डिप्टी CM ने इस्तीफे की पेशकश की है
अमित शाह ने महाराष्ट्र के डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस को आज फोन कर बातचीत की। शाह ने दिल्ली में आमने-सामने मुलाकात के बाद चर्चा करने की बात कही है। फडणवीस आज दिल्ली पहुंचने वाले हैं।

कल उन्होंने महाराष्ट्र में भाजपा के खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ने की पेशकश की थी। महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में भाजपा को केवल 9 सीटे हाथ आईं। पिछली बार 2019 में पार्टी के हिस्से 23 सीटें आईं थीं। वहीं, उनकी सहयोगी पार्टी शिवसेना (शिंदे) को 7 सीटें और NCP (अजित) को 1 सीट मिली है।

फडणवीस ने बुधवार (5 जून) को कहा, ”महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव में हमें जो भी नुकसान हुआ, मैं उसकी पूरी जिम्मेदारी लेता हूं। इसलिए मैं शीर्ष नेतृत्व से आग्रह करता हूं कि मुझे मंत्री पद से मुक्त किया जाए, क्योंकि मुझे पार्टी के लिए काम करने और राज्य विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अपना समय देने की जरूरत है।” पूरी खबर पढ़ें…

11:15 AM
6 जून 2024

JDU नेता बोले- हमें बहुत इज्जत मिल रही, इसके लिए मोदी का आभार
जेपी नड्डा के घर भाजपा नेता की बैठक के बीच NDA के सहयोगी दल भी अपनी रणनीति बनाने में जुटे हैं। दिल्ली में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर गुरुवार (6 जून) सुबह से JDU नेताओं के पहुंचने का दौर जारी है।

CM आवास पहुंचे पार्टी के नेता हर्षवर्द्धन सिंह ने कहा कि पहले बिहार में बहार थी। अब देश में बहार है, नीतीशे कुमार हैं। मंत्रालय और अन्य चीजें नीतीश कुमार तय कर रहे हैं, लेकिन हमें बहुत इज्जत मिल रही है। इसके लिए मोदी जी का आभार।

09:40 AM
6 जून 2024

मोदी के शपथ ग्रहण में श्रीलंका-बांग्लादेश समेत 5 देशों के नेता होंगे शामिल
PM मोदी ने 2014 और 2019 के शपथ ग्रहण समारोह में भी पड़ोसी देशों के नेताओं को न्योता भेजा था। 2014 में सार्क संगठन के सदस्यों तो 2019 में बिम्सटेक सदस्यों को आमंत्रित किया गया था।
PM मोदी ने 2014 और 2019 के शपथ ग्रहण समारोह में भी पड़ोसी देशों के नेताओं को न्योता भेजा था। 2014 में सार्क संगठन के सदस्यों तो 2019 में बिम्सटेक सदस्यों को आमंत्रित किया गया था।
नरेंद्र मोदी 8 जून को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इस समारोह के लिए भारत के पड़ोसी देशों के लीडर्स को न्योता भेजा जाएगा।

न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, इनमें श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, नेपाल के PM प्रचंड समेत मॉरीशस और भूटान के नेता शामिल होंगे। श्रीलंका के राष्ट्रपति के मीडिया डिविजन ने इसकी पुष्टि भी की।

रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति विक्रमसिंघे ने बुधवार को फोन करके PM मोदी को चुनाव जीतने पर बधाई दी थी। इसी दौरान कॉल पर मोदी ने उन्हें शपथ ग्रहण में शामिल होने का न्योता दिया, जिसे विक्रमसिंघे ने स्वीकार कर लिया। वहीं बांग्लादेश की PM के साथ भी फोन पर बातचीत के दौरान मोदी ने उन्हें समारोह का आमंत्रण दिया है। पूरी खबर पढ़ें…

09:14 AM
6 जून 2024

फडणवीस आज शाह से करेंगे मुलाकात, कल खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी ली थी
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम CM देवेंद्र फडणवीस आज दिल्ली जाने वाले हैं। भाजपा सूत्रों का कहना है कि वे अमित शाह से मुलाकात करने वाले हैं। फडणवीस ने बुधवार (5 जून) को राज्य में भाजपा के खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ने की पेशकश की थी।

फडणवीस ने कहा, ”महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव में हमें जो भी नुकसान हुआ, मैं उसकी पूरी जिम्मेदारी लेता हूं। इसलिए मैं शीर्ष नेतृत्व से आग्रह करता हूं कि मुझे मंत्री पद से मुक्त किया जाए, क्योंकि मुझे पार्टी के लिए काम करने और राज्य विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अपना समय देने की जरूरत है।”

लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में केवल 9 हाथ आईं। पिछली बार 2019 में पार्टी के हिस्से 23 सीटें आईं थीं। वहीं, उनकी सहयोगी पार्टी शिवसेना (शिंदे) को 7 सीटें और NCP (अजित) के हिस्से 1 सीट आई।

08:22 AM
6 जून 2024

16 मंत्री चुनाव हारे, 35-40 नए चेहरे शामिल हो सकते हैं
NDA ने नरेंद्र मोदी को संसदीय दल का नेता चुन लिया है। लगातार तीसरी बार उनका प्रधानमंत्री बनना तय है। हालांकि, इस बार उनकी कैबिनेट बिल्कुल नई नजर आएगी। इसमें 40 नए चेहरे शामिल हो सकते हैं। भास्कर एक्सप्लेनर में जानिए कि आखिर अमित शाह, राजनाथ सिंह जैसे कुछ प्रमुख चेहरों को छोड़कर इस बार क्यों बदल जाएगी कैबिनेट…

08:13 AM
6 जून 2024

8 जून को शपथ ले सकते हैं मोदी, नए मंत्रिमंडल की शपथ भी संभव
सूत्रों के मुताबिक, 7 जून को संसद के सेंट्रल हॉल में NDA के सांसदों की बैठक होगी। इसके बाद मोदी शाम 5 से 7 बजे के बीच सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए राष्ट्रपति के पास जाएंगे।

8 जून को मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इस दौरान उनके साथ कुछ मंत्री भी शपथ ले सकते हैं।

पीएम मोदी ने बुधवार (5 जून) को दोपहर 2 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को इस्तीफा सौंप दिया। साथ ही मंत्रिमंडल भंग करने की सिफारिश की। राष्ट्रपति ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया। साथ ही उनसे व मंत्रिपरिषद से अनुरोध किया कि वे नई सरकार के कार्यभार संभालने तक पद पर बने रहें।

इससे पहले मोदी मंत्रिमंडल की सुबह 11.30 बजे आखिरी बैठक हुई। बैठक में 17वीं लोकसभा भंग करने की सिफारिश हुई। इसमें सरकार ने तीसरी बार जीत को लेकर धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया। इसके बाद मोदी राष्ट्रपति भवन गए और अपना इस्तीफा सौंपा। मोदी अब कार्यवाहक पीएम रहेंगे।

07:50 AM
6 जून 2024

TDP ने स्पीकर पद सहित 6 और JDU ने 3 मंत्रालय मांगे
सूत्रों के मुताबिक, TDP ने 6 मंत्रालयों समेत स्पीकर पद की मांग की है। वहीं, JDU ने 3, चिराग ने 2 (एक कैबिनेट, एक स्वतंत्र प्रभार), मांझी ने एक, शिंदे ने 2 (एक कैबिनेट, एक स्वतंत्र प्रभार) मंत्रालयों की मांग की है। वहीं, जयंत ने कहा है कि हमें इलेक्शन के पहले एक मंत्री पद देने का वादा किया गया था। इसी तरह अनुप्रिया पटेल भी एक मंत्री पद चाहती हैं।

07:38 AM
6 जून 2024

भाजपा का JDU-TDP से तालमेल चुनौती, कई फैसले-रिफॉर्म्स लटकेंगे
भाजपा के पास बहुमत नहीं है। गठबंधन की सरकार में सहयोगी पार्टियां भाजपा के पिछले फैसलों और कई रिफॉर्म्स को लागू करने में रोड़ा बन सकती है।

दरअसल, गठबंधन में अहम भूमिका निभाने वाली JDU और TDP के अपने-अपने हित हैं। अतीत में एन. चंद्रबाबू नायडू और नीतीश कुमार दोनों के भाजपा के साथ उतार-चढ़ाव भरे रिश्ते रहे हैं।

विश्लेषक बताते हैं कि ऐसे में भाजपा को 10 सालों से जारी सुधार के अहम कदमों, प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में डालने पड़ सकते हैं।

वो 6 बड़े मुद्दे, जिन पर ठिठक सकते हैं कदम

एक देश-एक चुनाव: इस पर आगे बढ़ना मुश्किल होगा। TDP इसके विरोध, जबकि JDU समर्थन में है। विरोध करने वाला विपक्ष भी मजबूत हुआ है।

परिसीमन : भाजपा ने 2029 तक महिला आरक्षण का वादा किया है। यह परिसीमन पर ही लागू होगा। दक्षिण में असर के चलते TDP विरोध में है।

यूनिफॉर्म सिविल कोड : भाजपा इसे देश में लागू करने को तैयार थी। अब पार्टी इसे राष्ट्रीय प्राथमिकताओं से हटा सकती है।

काशी-मथुरा : राम मंदिर का फायदा न मिलने से इन पर दावे की प्रक्रिया धीमी पड़ सकती है।

विनिवेश : JDU सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों में विनिवेश के विरोध में रही है। भाजपा को इससे कदम पीछे खींचने पड़ सकते हैं। पार्टी बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की भी मांग करती रही है

मुस्लिम आरक्षण : TDP ने 2018 में आंध्र को विशेष राज्य का दर्जा न देने के मुद्दे पर भाजपा से नाता तोड़ लिया था। अब वह फिर मांग दोहरा सकती है। यही नहीं, आंध्र में मुस्लिमों को 4% आरक्षण के मुद्दे पर भी दोनों पार्टियों के अहम टकरा सकते हैं।

You may have missed