KAL KA SAMRAT NEWS INDIA

हर नजरिए की खबर, हर खबर पर नजर

Home » देवरानी को पीहर ले जाने से रोका तो चढ़ाई कार:जेठानी की मौत, घरेलू विवाद के बाद ससुराल पहुंचे थे परिजन

देवरानी को पीहर ले जाने से रोका तो चढ़ाई कार:जेठानी की मौत, घरेलू विवाद के बाद ससुराल पहुंचे थे परिजन

Spread the love

देवरानी को पीहर ले जाने से रोका तो चढ़ाई कार:जेठानी की मौत, घरेलू विवाद के बाद ससुराल पहुंचे थे परिजन

जोधपुर

जोधपुर के राजीव गांधी नगर थाना इलाके के सालोड़ी गांव में सुसराल से महिला को जबरन ले जाने पर विवाद हो गया। देवरानी को जबरन ले जाने से रोकने आई जेठानी को ड्राइवर ने कैंपर से कुचल दिया। इससे उसकी मौत हो गई।
विवाद के दौरान जेठ कैंपर के बोनट पर लटक गया। कैंपर रोकने के बजाय चालक ने 500 मीटर तक गाड़ी दौड़ा दी।
घटना का पता लगने पर गांव के चौराहे पर ग्रामीणों ने कैंपर को रुकवा लिया और कैंपर को आग लगा दी। कैंपर में सवार महिला, उसकी दो बेटियों व ड्राइवर को कुछ लोगों ने भीड़ से बचाकर दुकान में छिपाया।
मामले को लेकर राजीव गांधी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देवरानी, उसकी मां, बहन, भाई सहित 6 जनों को हिरासत में लिया है।

पति से झगड़ा हुआ तो मां को किया फोन

सालोड़ी गांव निवासी रेखा पत्नी भींयाराम सारण ने रविवार देर शाम मां को फोन कर ससुराल वालों पर मारपीट करने का आरोप लगाया। इसके बाद रेखा की मां, भाई, बहन सहित पीहर पक्ष के लोग उसके ससुराल पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच बातचीत भी हुई, लेकिन देर रात विवाद बढ़ गया।
थाना अधिकारी शकील अहमद ने बताया- जोधपुर के सूरसागर क्षेत्र की रहने वाली रेखा का सालोड़ी में सुसराल है। रविवार को दिन में पति-पत्नी के बीच आपस में झगड़ा हुआ था। इस पर रेखा ने अपने पीहर में फोन कर दिया। उसकी मां, भाई, बहन सहित पीहर पक्ष के लोग कैंपर में ससुराल पहुंच गए और रेखा को अपने साथ कैंपर में लेकर जाने लगे।
इस पर महिला की जेठानी सुखी ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान ड्राइवर ने गाड़ी सुखी पर चढ़ा दी। इससे वो घायल हो गई। उसे इलाज के लिए एमडीएम हाॅस्पिटल लाया गया। जहां डाॅक्टरों ने उसे जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। बाॅडी को अब मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।

500 मीटर तक दौड़ाई कैम्पर

जेठानी और जेठ दोनों कैंपर को रुकवाने के लिए उसके आगे आ गए थे। इस पर ड्राइवर ने कैंपर दौड़ा दी। जेठानी को कुचलने के बाद चालक ने जेठ पर भी गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। हालांकि जेठ बोनट पर लटक गया। इसके बाद भी चालक ने गाड़ी नहीं रोकी।
पांच सौ मीटर दूर गांव के चौराहे पर पहुंचने पर ग्रामीणों ने आड़े फिरकर गाड़ी रुकवाई। सभी को बाहर निकालकर गाड़ी में आग लगा दी। ग्रामीणों के गुस्से को देखते हुए कुछ लोगों ने कैंपर सवार लोगों को समीप ही एक दुकान में छिपा दिया और शटर बंद कर दिया।
इधर घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। दुकान से आरोपी मां, चालक और रेखा समेत 6 लोगों को हिरासत में लिया।

Skip to content