KAL KA SAMRAT NEWS INDIA

हर नजरिए की खबर, हर खबर पर नजर

Home » प्रभारी मंत्री श्री महेन्द्रजीत सिंह मालवीया ने किया विकास प्रदर्शनी का शुभारंभगिनाई 4 साल की उपलब्घियां

प्रभारी मंत्री श्री महेन्द्रजीत सिंह मालवीया ने किया विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ
गिनाई 4 साल की उपलब्घियां

Spread the love

वर्तमान सरकार के 4 वर्ष
प्रभारी मंत्री श्री महेन्द्रजीत सिंह मालवीया ने किया विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ
गिनाई 4 साल की उपलब्घियां
अजमेर 23 दिसम्बर। जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री श्री महेन्द्रजीत सिंह मालवीया ने शुक्रवार को राज्य सरकार के चार साल पूरे होने पर नया बाजार स्थित राजकीय संग्रहालय में जिला स्तरीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। साथ ही अजमेर जिला दर्शन पुस्तिका का विमोचन किया। इनके साथ राज्य मंत्री श्री जगदीश राज श्रीमाली भी उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री श्री महेन्द्रजीत सिंह मालविया ने कहा कि प्रजातंत्र में जनकल्याण असिमित किया जा सकता है। राज्य सरकार ने गत चार वर्षों में इसी बात को केन्द्र में रखकर कार्य किया है। जिला प्रशासन तथा सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी सरकार के बेमिसाल कार्यों को आमजन तक पहुंचाने में सार्थक सिद्ध हुई है। इन चार वर्षों में सरकार ने समस्त वर्गों को लाभान्वित करने का प्रयास किया है। योजनाओं तथा उनके लाभान्वितों की संख्या बहुत बड़ी है।
उन्होंने कहा कि चार वर्ष पूर्व वर्तमान सरकार द्वारा शपथ ग्रहण के साथ शुरू हुआ सफर आज बड़े मुकाम तय कर चुका है। पूर्व में जब विकसित देशों में निःशुल्क उपचार एवं पेंशन देने के सम्बन्ध में जानकारी मिलती थी तो आश्चर्य होता था। अब यह कार्य राजस्थान सरकार द्वारा भी किया जा रहा है। सरकार ने इससे आगे बढ़कर प्रत्येक व्यक्ति का 10 लाख का स्वास्थ्य बीमा किया है। इससे सामान्य वर्ग के साथ-साथ गरीब वर्ग को भी लाभ मिला है। समस्त बीमारियों का उपचार राजकीय एवं निजी चिकित्सालयों में निःशुल्क होने पर उच्च स्तरीय ईलाज सामान्य व्यक्ति की पहुंच में हुआ है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा एक रूपए किलो में अनाज उपलब्ध कराना बहुत बड़ा कार्य है। सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर अनाज खरीदा जाता है। इसके परिवहन एवं भण्डारण पर भी सरकार द्वारा व्यय किया जाता है। इस अनाज को सरकार जरूरतमंद व्यक्तियों को एक रूपए किलो में उपलब्ध कराती है। यही वास्तविक जनकल्याण है।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी नरेगा के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध हुआ है। ग्रामीणों के खाते में पैसा आने से बाजार में खरीददारी होती है। इस प्रकार धन का प्रवाह लगातार बना रहता है। इसी प्रकार शहरी क्षेत्रों के लिए भी इन्दिरा गांधी शहरी रोजगार गारण्टी योजना आरंभ की गई। इससे शहरी वर्ग को भी रोजगार मिला। साथ ही नगरीय निकायों को भी श्रमिक उपलब्ध हो गए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना का कोई मुकाबला नही है। इस योजना से उपचार कराने के लिए पड़ौसी राज्यों से व्यक्ति आते है। राजीविका में स्वयं सहायता समूहों के सहयोग से उत्पाद बनाकर नई मिशाल पेश की है। महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पाद गुणवत्ता की दृष्टि से किसी भी नामी कम्पनी से बेहतर है। इन उत्पादों का उपयोग करने से महिलाओं में आर्थिक स्वालम्बन आएगा।
उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्ति के घर तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए सभी को मिलकर आगे आना चाहिए। राजस्थान को मॉडल स्टेट बनाने में सबकी महत्वपूर्ण भूमिका है। चार वर्ष के कार्यक्रमों को गांवों तक भी आयोजित करना चाहिए। इनमें लाभार्थी अपने अनुभव सबके साथ साझा कर सकेंगे।
मसूदा विधायक श्री राकेश पारीक ने कहा कि 4 वर्षो के दौरान सरकार ने जनहित के कई कार्य किए हैं। आगामी समय में भी बेहतरीन कार्य किए जाएंगे। सरकार ने विकास कार्यों की पहुंच अंतिम व्यक्ति तक बनाई है। सार्वजनिक हित के कार्यों को तत्परता के साथ पूर्ण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त व्यक्तिगत लाभ के कार्य भी प्राथमिकता के साथ किए जा रहे है। जनकल्याणकारी कार्यों की यह श्रृंखला आगे भी अनवरत जारी रहेगी।
पूर्व मंत्री श्रीमती नसीम अख्तर ने कहा कि सरकार ने गरीब को गणेश मानकर कार्य किया है। इसके लिए विभिन्न योजनाएं बनाई गई। इन योजनाओं को मूर्त रूप देकर धरातल पर उतारा गया। इनसे लाभान्वितों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया। योजनाओं को अंतिम स्तर तक पहुंचाने के लिए सरकार संकल्पबद्ध है। समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे भी कार्य किया जाएगा।

जिला दर्शन पुस्तिका का किया विमोचन
प्रभारी मंत्री श्री महेन्द्रजीत सिंह मालविया के द्वारा जनप्रतिनिधियों के साथ जिला दर्शन पुस्तिका का विमोचन किया गया। इस पुस्तिका में गत चार वर्षों में हुए विकास कार्यों को स्थान दिया गया है। इसके माध्यम से विकास कार्य आमजन तक पहुंचेंगे। विभिन्न विभागों की योजनाओं के बारे में पात्र व्यक्तियों को जानकारी भी मिलेगी।

विद्यार्थियों को किया सम्मानित
राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर फ्लेगशिप योजनाओं से सम्बन्धित वाद-विवाद, क्वीज, निबंध एवं अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थी। इन प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों महात्मा गांधी विद्यालय वैशाली नगर की रति खनावलिया, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तोपदड़ा की डिम्पी चौहान, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय श्रीनगर रोड़ की चेतना, राजकीय केन्द्रीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की दिव्या पंचोली एवं राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय किशनगढ़ की महिमा चौधरी को पारितोषिक वितरण किया गया।

विकास प्रदर्शनी का किया शुभारंभ
जिले में गत चार वर्षों के दौरान विकास कार्यो से सम्बन्धित प्रदर्शनी का शुभारंभ राजकीय संग्रहालय में किया गया। इसका अवलोकन कर सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं से आगन्तुक जुड़ सकेंगे। इसमें राज्य सरकार, जिला प्रशासन, आजादी का अमृत महोत्सव, जिले में नवाचार, प्रशासन गांव के संग अभियान, अजमेर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, स्मार्ट सिटी, जिला परिषद, भू-संरक्षण, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, जेएलएन चिकित्सालय, सार्वजनिक निर्माण विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, जल संसाधन, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, सरस डेयरी, आर्थिक एवं सांख्यिकी, पर्यटन, जिला प्रशासन, श्रम आयुक्त, पशुपालन, ऊर्जा, आंगनबाड़ी, महिला अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास विभाग, चुप्पी तोड़ो खुलकर बोलो, शिक्षा विभाग, रसद विभाग, देवस्थान, अल्पसंख्यक, कृषि, उद्यान, रोजगार, कॉपरेटिव बैंक, रीको एवं वन विभाग के कार्यों को स्थान दिया गया है। यह प्रदर्शनी राजकीय संग्रहालय में 25 दिसम्बर तक प्रातः 9.30 बजे से सायं 6 बजे तक आगंतुकों के लिए खुली रहेगी।
इस अवसर पर डेयरी अध्यक्ष रामचन्द्र चौधरी, श्री महेन्द्र सिंह रलावता, पूर्व मेयर श्री कमल बाकोलिया, जिला कलक्टर श्री अंश दीप, पुलिस अधीक्षक श्री चूनाराम जाट, श्री कमल गंगवाल, श्री शैलेन्द्र अग्रवाल, श्री राजकुमार गर्ग, श्री संजय कुमार जैन, श्रीमती मंजू बलाई सहित अधिकारी एवं आमजन उपस्थित थे।

You may have missed

Skip to content