KAL KA SAMRAT NEWS INDIA

हर नजरिए की खबर, हर खबर पर नजर

Home » 3 महीने पहले लव मैरिज, पति की मौत…पत्नी का सुसाइड:पति को हार्टअटैक, शव घर पहुंचा तो बदहवास हुई; 7वीं मंजिल से कूदी पत्नी

3 महीने पहले लव मैरिज, पति की मौत…पत्नी का सुसाइड:पति को हार्टअटैक, शव घर पहुंचा तो बदहवास हुई; 7वीं मंजिल से कूदी पत्नी

Spread the love

3 महीने पहले लव मैरिज, पति की मौत…पत्नी का सुसाइड:पति को हार्टअटैक, शव घर पहुंचा तो बदहवास हुई; 7वीं मंजिल से कूदी पत्नी

गाजियाबाद

उत्तर प्रदेश के जिला गाजियाबाद में तीन महीने पहले हुई लव मैरिज का दुखद अंत हो गया। कपल दिल्ली चिड़ियाघर में घूमने गया था। वहां पति के सीने में अचानक दर्द हुआ और अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पति की लाश जैसे ही गाजियाबाद में घर पर आई तो पत्नी ये सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाई। उसने अपार्टमेंट की 7वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। घटना कौशांबी थाना क्षेत्र में वैशाली सेक्टर-तीन की एलकॉन सोसाइटी की है।
पुलिस के मुताबिक, एलकॉन सोसाइटी के फ्लैट नंबर-702 में रहने वाले अभिषेक अहिलवाली पत्नी अंजलि अहिलवाली के साथ रहते हैं। सोमवार को दोनों दिल्ली चिड़ियाघर में घूमने गए थे। वहां अचानक अभिषेक की तबीयत खराब हुई। परिजनों ने उन्हें सफदरजंग हॉस्पिटल दिल्ली में भर्ती करा दिया। हॉस्पिटल में परिजनों के पहुंचने के बाद अंजलि अपने घर लौट आई। अस्पताल में इलाज के दौरान शाम करीब 6 बजे अभिषेक की मौत हो गई। अभिषेक एक एनजीओ में काम करते थे।
सोमवार रात करीब साढ़े 9 बजे अभिषेक का शव गाजियाबाद में सोसाइटी स्थित घर पर लाया गया। इससे पहले पत्नी अंजलि को मौत होने की कोई जानकारी नहीं दी गई थी। पति का शव देखते ही 23 साल की पत्नी अंजलि होश खो बैठी। वो फ्लैट की बालकनी से 7वीं मंजिल से नीचे कूद गई। अंजलि अपार्टमेंट के नीचे खड़ी कार पर गिरी और फिर जमीन पर गिर गई। इससे उसका काफी खून बह गया। घायल महिला को तुरंत मैक्स हॉस्पिटल वैशाली में भर्ती कराया गया। वहां से गंभीर हालत देख उसे दिल्ली सफदरजंग हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया गया। मंगलवार सुबह अंजलि की भी मौत हो गई।

3 महीने पहले हुई थी लव मैरिज

मैक्स हॉस्पिटल में अंजलि के घर के लोग भी पहुंच गए। डॉक्टरों ने बताया कि अंजलि की हालत बेहद गंभीर थी। उसके सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें थीं। उसे ICU में रखा गया था। एलकॉन सोसाइटी के लोगों ने बताया कि अभिषेक और अंजलि ने 3 महीने पहले ही लव मैरिज की थी। अभिषेक और अंजलि एक-दूसरे से बेहद प्यार करते थे। दोनों के परिजनों की सहमति के बाद ये शादी 30 नवंबर को हुई थी। अभिषेक एक NGO में काम करता था। एलकॉन सोसाइटी में ये उनका अपना ही फ्लैट था। सोसाइटी के लोगों के अनुसार- दोनों काफी मिलनसार थे।

मौसी बोली-अभिषेक रोते इंसान को हंसा देता था, बड़ा दुख हुआ

अभिषेक की मौसी रेनू ने बताया,
‘कल अभिषेक पत्नी के साथ दिल्ली चिड़ियाघर घूमने के लिए गया था। चिड़ियाघर बंद था। इसलिए वहीं आस-पास घूम रहे थे। अचानक उसकी तबीयत खराब हुई। हॉस्पिटल लेकर पहुंचे तो डॉक्टरों ने उसको अटैक पड़ना बताया। इसके बाद अभिषेक को दूसरे हॉस्पिटल ले गए। वहां शाम करीब 6 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अभिषेक बहुत अच्छा लड़का था। वो रोते इंसान को हंसा देता था। हमें उसके जाने का बहुत दुख है।’
ACP स्वतंत्र कुमार सिंह ने कहा, ’26 फरवरी की रात 10 बजे कौशांबी थाने को एक सूचना प्राप्त हुई कि एलकॉन सोसाइटी निवासी 23 वर्षीय अंजलि ने 7वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया है। पुलिस ने जानकारी की तो पता चला कि अंजलि के पति अभिषेक एनजीओ में कार्यरत थे। ये दंपति कल एक चिड़ियाघर घूमने गए थे। वहां पर इनके पति की अचानक तबियत खराब हुई। उन्हें हॉस्पिटलाइज्ड करके पत्नी घर आ गईं। हॉस्पिटल में मृत्यु के बाद पति का शव जब घर आता है तो उन्हें देखकर महिला ने घर से छलांग लगा दी। महिला को शुरुआत में मैक्स हॉस्पिटल वैशाली में भर्ती कराया, वहां से हालत गंभीर देख दिल्ली के सफदरजंग हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। आज सुबह ये सूचना प्राप्त हुई कि महिला की भी मृत्यु हो गई है। इस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।’

You may have missed

Skip to content