October 22, 2024

Kal Ka Samrat News India

हर खबर पर नज़र

4 महीने की गर्भवती का शव फंदे से लटका मिला:दोनों हाथ की नसें कटी हुई थीं; 6 माह पहले नाता प्रथा से हुई थी शादी

4 महीने की गर्भवती का शव फंदे से लटका मिला:दोनों हाथ की नसें कटी हुई थीं; 6 माह पहले नाता प्रथा से हुई थी शादी

टोंक

टोंक जिले के देवली में 4 महीने की गर्भवती का शव फंदे से लटका मिला। उसके दोनों हाथों की नसें कटी हुई थीं। कमरे में खून बिखरा हुआ था। मृतका के पिता ने ससुराल वालों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना दूनी थाना इलाके के राजमहल गांव में शुक्रवार सुबह 9 बजे की है।
डीएसपी रामसिंह जाट ने बताया- स्वामी का बास (चाकसू) निवासी ममता लोधा (32) की राजमहल गांव के नंद किशोर लोधा (29) से नाता प्रथा से शादी हुई थी। ममता 4 महीने की गर्भवती थी। शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि ममता ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि ममता के दोनों हाथ की नस कटी हुई हैं और शव साड़ी के फंदे से लटका हुआ है। कमरे में खून भी बिखरा हुआ था।
टोंक से FSL टीम और देवली से MIU टीम मौके पर पहुंची। साक्ष्य जुटाए। शव को दूनी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। चाकसू से परिजन के आने के बाद पोस्टमॉर्टम करवाया गया। फिलहाल मामले का खुलासा नहीं हो पाया है।

पिता बोले- पति, सास और ससुर ने मार डाला
दूनी थाना प्रभारी सरवर खान ने बताया- ममता के पिता किशन लाल ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। इसमें उन्होंने बताया कि बेटी की नवंबर 2023 में शादी की थी। शादी के कुछ दिनों बाद ही ममता के पति नंदकिशोर, ससुर कैलाश चंद और सास संतोष देवी दहेज की मांग करने लगे थे। मांग पूरी नहीं करने पर उसे प्रताड़ित करते थे। उन्होंने गुरुवार रात को मारपीट कर ममता की हत्या कर दी। हत्या को छुपाने के लिए शव फंदे से लटका कर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया है। नंद किशोर खेती का काम करता है।

फंदे से लटका था शव, जमीन पर टिके थे घुटने
पिता किशन लाल ने रिपोर्ट में बताया कि जब मैं घटनास्थल पर पहुंचा तो ममता का शव कमरे के बाहर टीनशेड के छप्पर में साड़ी के फंदे से लटका हुआ था। दोनों पैरों के घुटने जमीन पर टिके हुए थे। हाथों की नस कटी हुई थी। शरीर पर चोट के निशान थे। हाथों पर और कमरे में खून के थक्के जमे हुए थे।

पिता ने दर्ज करवाया मामला, जांच में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी सरवर खान ने बताया- ममता के पिता किशन लाल ने उसके पति, ससुर और सास पर दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या करने और शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

You may have missed